बड़ा(नादौन)। उपमंडल नादौन के अंतर्गत धरोड़ गांव में सात फरवरी को दंगल का आयोजन होगा। दंगल आयोजन के लिए सोमवार महावीर दंगल कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कमेटी प्रधान सुदर्शन कुमार जरियाल ने की।
दंगल कमेटी के सचिव परमजीत डोगरा ने कहा कि दंगल का शुभारंभ जिला न्यायवादी संसार चंद रणौत समापन सेवानिवृत्त कैप्टन कुलतार चंद परमार करेंगे। बैठक में विजेता पहलवान को 51000 रुपये एवं गुर्ज और उपविजेता पहलवान को 41000 रुपये एवं गागर प्रदान करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि दंगल में सभी पहलवानों को दंगल में भाग लेने के लिए अपना आधार कार्ड लाना आवश्यक होगा बिना आधार कार्ड के किसी पहलवान का दंगल में भाग लेने के लिए नाम पंजीकृत नहीं किया जाएगा।
दंगल में मुख्य आकर्षण का केंद्र छोटी माली होगा, जिसमें अंडर-21 वर्ष के नौजवान ही भाग ले सकेंगे। इसमें विजेता को 5100 रुपये एवं उपविजेता को 3500 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। छोटी माली में केवल हिमाचल के नौजवान पहलवान ही भाग ले सकते हैं।
वहीं, अन्य राज्यों के नौजवान पहलवान छोटी माली में भाग लेने के लिए अधिकृत नहीं होंगे। दंगल आयोजन के बाद नौ फरवरी को हनुमान मंदिर धरोड़ में विशाल भंडारे जा आयोजन किया जाएगा।