मैहरे में गैस सिलिंडर की सप्लाई लेकर पहुंची गाड़ी के पास सिलिंडर भरवाने के लिए उमड़ी भीड़। स्रो
बड़सर (हमीरपुर)। एलपीजी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों को लेकर लोगों में गैस सिलिंडर भरवाने के लिए होड़ मची हुई है। शुक्रवार को मैहरे में पहुंची गैस सिलिंडर की गाड़ी के पास सिलिंडर भरवाने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
पिछले कुछ दिनों से गैस की संभावित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर खबरें सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों के बाहर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस की कमी को लेकर लगातार आ रही खबरों के कारण लोगों के मन में यह डर बैठ गया है कि आने वाले समय में गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है।
इसी आशंका के चलते कई लोग समय से पहले ही सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में शिव राम, आलोक कुमार, जनक राज, पूर्ण चंद, रामप्रकाश आदि ने बताया कि गैस की कमी को लेकर चल रही खबरों के कारण लोगों में काफी चिंता का माहौल बन गया है।
उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर बढ़ती भीड़ इस बात का संकेत है कि लोग भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक शिवराम राही ने कहा कि गैस की कमी नहीं है। लोगों को धैर्य बनाए रखना चाहिए, ताकि दिक्कतें पेश न आएं।