फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: गांवों में पालतू कुत्तों का न पंजीकरण न लावारिस के लिए वैक्सीनेशन

Fri, 07 Nov 2025 12:26 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
ग्राम पंचायत खरवाड़ के तहत गांव खरवाड़ में सड़क किनारे बैठे आवारा कुत्ते। संवाद
विज्ञापन
हमीरपुर । पंचायत स्तर पर कुत्तों के पंजीकरण को लेकर न तो प्रतिनिधि गंभीर हैं और न विभागीय अधिकारियों को इसके प्रति कोई चिंता है। पंचायत स्तर पर न तो लावारिस कुत्तों की वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू हो पाई और न ही पालतू कुत्तों के पंजीकरण को लेकर अभियान चलाया गया है।
विज्ञापन

हालांकि, पंचायती राज एक्ट 11 के तहत पालतू जानवरों का पंचायत स्तर पर पंजीकरण करवाया जाना अनिवार्य है। लोग केवल दुधारू पशुओं के पंजीकरण तक ही सीमित हैं। सबसे बड़ी बात है कि इस बारे में विभाग की ओर से जानकारी लेने की जहमत तक नहीं उठाई गई है कि पंचायत स्तर पर कितने लावारिस या पालतू कुत्ते हैं।
जिले में पंचायत स्तर पर आज तक एक भी व्यक्ति ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण नहीं करवाया है। यदि लोग पालतू कुत्ते को खुला छोड़ देते हैं, तो कुत्ते के मालिक की पहचान करना भी चुनौती से कम नहीं होगा, क्योंकि बिना पंजीकरण पंचायत के पास कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
विज्ञापन

हमीरपुर जिले में करीब 234 पंचायतें हैं, लेकिन पंचायती राज विभाग के पास कोई आंकड़ा ही उपलब्ध नहीं है कि पंचायत स्तर पर कितने कुत्ते हैं। इसके साथ ही इन कुत्तों के लिए वैक्सीनेशन को लेकर आज तक प्रक्रिया शुरू करना भी सोच से कोसों दूर है।
सुजानपुर में लावारिस कुत्ते द्वारा 28 लोगों को काटे जाने की घटना के बाद भी पंचायती राज विभाग ने सबक नहीं लिया है। हमीरपुर जिले में पंचायत स्तर पर अगर कोई कुत्ता किसी को काट लेता है तो उसकी जिम्मेवारी भी तय नहीं हो पाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लावारिस कुत्तों के झुंड आम देखे जा सकते हैं। इनके लिए न तो कोई खाने की विशेष व्यवस्था है और न ही इनकी वैक्सीनेशन के लिए कोई कवायद शुरू हो पाई है।

जिला पंचायत अधिकारी से सवाल-जवाब

प्रश्न : पंचायत स्तर पर पालतू कुत्तों के पंजीकरण की क्या व्यवस्था है।

उत्तर : पंचायत स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों को शक्तियां प्रदान की गई हैं। पंचायत में पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।

प्रश्न : पंचायत स्तर पर आवारा कुत्तों की वैक्सीनेशन की क्या व्यवस्था है।

उत्तर : पंचायत स्तर पर वैक्सीनेशन की कोई व्यवस्था नहीं है। इस बारे में उच्चाधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी और जो भी निर्णय होगा वह लागू किया जाएगा।

प्रश्न : पंचायत स्तर पर कितने पालतू कुत्ते पंजीकृत हैं, इसका आंकड़ा उपलब्ध है।

उत्तर : पंचायत स्तर पर ही इसका आंकड़ा रखा जाता है। यदि किसी भी प्रकार के पशुओं की संख्या में कमी या बढ़ोतरी होती है, तो उसे दर्ज करवाना अनिवार्य है।

प्रश्न : पालतू कुत्ते के पंजीकरण की फीस या पंजीकरण न करवाने पर कितना जुर्माने का प्रावधान है।

उत्तर : यह शक्तियां पंचायत स्तर पर निर्धारित की गई हैं। पंचायत अपने स्तर पर जुर्माना या फीस निर्धारित कर सकती है।

ग्राम पंचायत खरवाड़ के तहत गांव खरवाड़ में सड़क किनारे बैठे आवारा कुत्ते। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें