नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत हथोल के लहाड़ गांव स्थित शिव मंदिर की दान पेटी तोड़ चोर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए। अभी इस संबंध में ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। ग्रामीणों में रमेश चंद, मनोज, विक्रम ने बताया कि सुबह जब लोग मंदिर के निकट पहुंचे तो देखा कि मंदिर के अंदर रखा सारा सामान बिखरा था और दान पेटी एक तरफ पड़ी थी। जब मंदिर खोल कर देखा तो दान पेटी के सारे रुपये गायब थे।
यहां रखे म्यूजिक सिस्टम सहित अन्य सामान को क्षतिग्रस्त किया गया था। इतना ही नहीं जाते समय चोर उस हथियार को भी छोड़ गए जिससे उन्होंने मंदिर के गेट और दान पेटी के तालों को तोड़ा था। लोगों ने बताया कि दान पेटी में हर समय करीब 6000 रुपये रहते ही थे। उन्होंने बताया कि समस्त ग्रामीणों ने मिलकर इस मंदिर का निर्माण करवाया है। अभी तक पुलिस से इस मामले की शिकायत नहीं की गई है। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि पुलिस को ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच करेगी।