पल्ली शिव मंदिर में अज्ञात चोरों ने तोड़े दानपात्र। स्रोत : जागरूक पाठक
भरेड़ी (हमीरपुर)। थाना भोरंज के तहत ग्राम पंचायत धमरोल के पल्ली स्थित शिव मंदिर में रविवार तड़के शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के तीन दानपात्रों में से दो को तोड़कर हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
तीसरे दानपात्र को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। यह दानपात्र मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि कैमरे की नजर में आने के कारण चोरों ने इसे नहीं तोड़ा। इसमें करीब तीन हजार रुपये की नकदी मौजूद है।
मंदिर कमेटी के प्रधान निर्मल कुमार ने बताया कि सुबह पूजा के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने दानपात्र टूटे होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक रात करीब तीन बजे मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं, जो दानपात्र तोड़कर नकदी लेकर भाग जाते हैं।
सूचना मिलने के बाद भोरंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कोट
पल्ली स्थित शिव मंदिर में चोरी के मामले की गंभीरता से तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर
पल्ली शिव मंदिर में अज्ञात चोरों ने तोड़े दानपात्र। स्रोत : जागरूक पाठक