सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से हो रही दिक्कत
साढ़े सात बजे से खड़े रहे मरीज, 11 बजे तक पर्ची ही नहीं बनी
सिफारिश पर पर्ची बनाने का भी लगाया आरोप, मरीजों में पनपा रोष
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में हो रही खासी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में वीरवार को डेढ़ घंटे तक पर्चियां बनाने का काम ठप रहा। इससे मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मरीज सुबह सात बजे से कतार में लगे थे और 11 बजे तक पर्ची ही नहीं बन पाई। अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में मरीज कतार में लगे थे। इतनी भीड़ थी कि पैर रखने के लिए भी जगह नहीं बची थी। मरीजों में खूब धक्कामुक्की हुई। मरीज कतार में भी खड़े नहीं हो पा रहे थे। इतनी गर्मी में मरीजों को खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था। यहां अस्पताल मैनेजमेंट सिस्टम नेशनल हेल्थ मिशन के तहत स्थापित किया गया है। इसका कंट्रोल अभी शिमला से ही हो रहा है। ऐसे में यह सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इससे पर्चियां नहीं बन पा रही थीं। वहीं, मरीजों ने कहा कि जिनकी जान पहचान थी उनकी पर्चियां सिफारिश पर बन रही थीं और जो लोग कतार में लगे थे जब वह इस बात का विरोध कर रहे थे तब उनकी बात नहीं सुनी गई।
घुमारवीं से आए मरीज रमेश चंद ने कहा कि पहले तो इनका सिस्टम नहीं चल रहा था और जब चला तो जो लोग इनकी जान पहचान के थे उनकी पर्चियां ही बनाते रहे। जो मरीज कतार में लगे थे, उनको बेवकूफ बनाया जा रहा था। इतनी दूर से आने पर भी पर्ची नहीं बन पाई। जबकि, सुबह सात बजे से कतार में लगे थे और 11 बजे तक कतार में ही लगे रहे। अन्य मरीजों कमलजीत, त्रिवेनी, सलोचना, कमला, आशुतोष आदि ने कहा कि यहां पर खासी परेशानी हुई। पूरा दिन महज पर्ची बनाने में ही निकल गया। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि पर्ची बनाने का कार्य ऑनलाइन हो रहा है। शिमला से थोड़ी दिक्कत के कारण ऐसा हुआ।