पंचायत ने कई बार करवाया अधिकारियों को अवगत, नहीं किया गया समस्या का हल
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग नादौन हमीरपुर से तीन किलोमीटर दूर जलाड़ी गांव में कांगड़ा बैंक की शाखा परिसर के बाहर सड़क किनारे सफेदे का पेड़ किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। यह पेड़ बैंक की तरफ काफी झुक चुका है और बरसात के मौसम में इस पेड़ के गिरने का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में पंचायत प्रधान सहित स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में कार्यरत फोरलेन अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अवगत करवाया है परंतु अभी तक इस पेड़ को नहीं काटा गया है। निर्माणाधीन फोरलेन के कारण यहां काफी संख्या में लगे पेड़ों को काटा गया था परंतु इस स्थल पर कुछ भूमि विवाद होने के कारण इस पेड़ को छोड़ दिया गया था।
अब इस भू विवाद का भी निवारण हो चुका है। काफी समय से लोग इस पेड़ को काटने की मांग कर रहे हैं। यह पेड़ पहले ही बैंक की ओर झुका हुआ है और बरसात के कारण कभी भी यह पेड़ बैंक परिसर की ओर गिर सकता है जिससे जान-माल की हानि होने की आशंका है। पंचायत प्रधान जगमोहन मणि ने कहा कि मामले की गंभीरता से स्थानीय फोरलेन अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है परंतु अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस बारे में एनएचआई के प्रोजेक्ट निदेशक सुभाष चौधरी ने कहा कि मामला उनके ध्यान में नहीं है। इस बारे में पता करके समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।