डिडवीं टिक्कर में हरियाणा रोडवेज की बस का हुआ टायर पंक्चर। संवाद
लदरौर (हमीरपुर)। टायर पंक्चर होने के कारण हरियाणा रोडवेज की बस के पहिये शनिवार को डिडवीं टिक्कर में थम गए। बस आगे नहीं बढ़ सकी, जिस कारण बस में बैठे यात्री भी परेशान हुए। यात्री अन्य बस से गंतव्य की ओर रवाना हुए। हरियाणा रोडवेज की यह बस हरियाणा के बल्लभगढ़ से हमीरपुर आ रही थी। करीब ढाई बजे जब बस डिडवीं टिक्कर पहुंची तो बस का टायर पंक्चर हो गया। बस के चालक मंजीत और परिचालक कुलदीप ने कहा कि बस के अंदर स्टेपनी रखी थी। जब उसे देखा गया तो वह भी पंक्चर थी। बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया गया ताकि जाम की समस्या पैदा न हो। उन्होंने कहा कि बस में कुछ सवारियां बैैठी थीं, जो कि यातायात के अन्य माध्यमों से चली गई हैं। गौर रहे कि एचआरटीसी की बसों में भी इस तरह की समस्याएं आती थीं लेकिन अब हरियाणा रोडवेज की बसों में भी इस तरह की समस्याएं आना शुरू हो गई हैं।