राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाहल पटियाला में दीवारों पर पेंट करता शिक्षक।
बिझड़ी(हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाहल पटियाला के शिक्षक सुशील कुमार ने स्वयं ही पाठशाला में शिक्षण समय के बाद पाठशाला में बच्चों के बैठने के लिए बने बैंच और पाठशाला की चारदीवारी को पेंट कर दिया। ताकि पाठशाला परिसर की सुंदरता बढ़े और विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति रूचि बढ़े। इससे पूर्व भी शिक्षक सुशील कुमार पाठशाला में विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पाठशाला में विशेष कक्षाओं का आयोजन कर चुके हैं।
इसके फलस्वरूप पाठशाला में बच्चों का नामांकन बढ़ा तथा निजी स्कूलों से भी बच्चों ने इस पाठशाला में प्रवेश लिया। वहीं स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान शशि कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक सुशील कुमार ने पाठशाला में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, इसकी हम प्रशंसा करते हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान ने कहा कि उनका बेटा पहले निजी पाठशाला में पढ़ता था, लेकिन अब वह भी इसी पाठशाला में अध्ययनरत है। सुशील कुमार की बेटी भी इसी पाठशाला में पढ़ती है। वर्तमान में स्कूल में 70 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।