हमीरपुर। हिम आंचल पेंशनर्स संघ खंड इकाई टौणीदेवी की मासिक बैठक वीरवार को खंड प्रधान जगदीश चंद शर्मा की अध्यक्षता में अवाहदेवी मंदिर परिसर में हुई। इसमें पेंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं के बारे में गहनता से मंथन किया गया। बैठक में एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त पेंशनरों ने कहा कि उनके पेंशन संशोधन के मामले महालेखाकार कार्यालय में लंबित पड़े होने की वजह से उन्हें देय आर्थिक लाभ मिलने में अनावश्यक विलंब हो रहा है। पेंशनरों ने विभिन्न विभागों में चिकित्सा बिलों की अदायगी समय पर न किए जाने पर भी चिंता जताई। इसके अतिरिक्त महंगाई भत्ते की किस्तें समय पर जारी न करने, चिकित्सा भत्ता न बढ़ाए जाने पर रोष प्रकट किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई है। बैठक में जिला प्रधान केसी गौतम ने पेंशनरों को जिले में चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कहा कि जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्र कोषागार कार्यालय नहीं पहुंचे थे, उनकी पेंशन दो अगस्त के बाद बंद होने से उनके चिकित्सा बिल या अन्य भुगतान रुक गए हैं। इस पर तुरंत कोषाधिकारी ने प्रतिक्रिया व्यक्त कर विभागीय चूक को ठीक करवाया, ताकि पेंशनरों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा ने प्रदेश में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में वामदेव शर्मा, सुभाष चंद शर्मा, मिलाप शर्मा, भूमिदेव शास्त्री, नीलम कुमारी, अमर सिंह, चत्तर सिंह ठाकुर, सरवन सिंह, रसील सिंह, मेघ नाथ प्रेमी सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।