शहर अभियान भाग एक
नप हमीरपुर ने कचरे की गाड़ियों से हटवाए स्पीकर
पूर्व में गाना बजते ही कूड़ा देने के लिए पहुंचते थे लोग
अब बाजार में बिना स्पीकर घूम रही गाड़ी, हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में दुकानदारों और लोगों को कचरा देने में काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पूर्व में जहां कचरे की गाड़ियों में गाना बजने से उनके आने का पता चल जाता था। वहीं, अब स्पीकरों के बंद होने से दुकानदारों को कचरा देने में खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। नगर परिषद की ओर से 11 वार्डों में कचरा उठाने के लिए लगाई गई 14 नई गाड़ियों से स्पीकरों को हटवा दिया गया है। ऐसे में गाड़ियां अन्य वाहनों की भांति ही बाजारों से होकर गुजर रही हैं। इससे दूसरी और तीसरी मंजिल पर कार्य करने वाले दुकानदारों को कचरा देने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूर्व में जहां गाना बजने पर दुकानदार मुख्य सड़क तक पहुंच जाते थे। अब मुख्य सड़कों के साथ प्रथम मंजिल के किनारे कचरे के ढेर लग रहे हैं। इससे बाजार में गंदगी का माहौल बना हुआ है। दुकानदारों राजीव, मुन्ना, दीना, अश्वनी, प्रदीप, हरिओम, पुनीत, संजीव आदि ने कहा कि पूर्व में नगर परिषद की गाड़ियां बाजार में गाना बजाते हुए आती थीं। अब लंबे समय से बाजार में गाड़ियां बिना स्पीकर के आ रही हैं। वर्तमान में त्योहारी सीजन चला हुआ है। ऐसे में दुकानों में अधिक मात्रा में कचरा होता है। ऐसे में गाड़ियों पर स्पीकर न होने से कचरा देने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह नगर परिषद की ओर से कूड़ा शुल्क लेने के लिए कचरे के हिसाब से 60 से 100 रुपये तक की पर्ची काटी जाती है। लेकिन. कचरे का निपटान के मामले में सही रूप से कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे बाजार में कचरे की समस्या गंभीर बनी हुई है।
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण सुविधा के चलते गाड़ियों से स्पीकर हटाए गए हैं। बाजार मेें कचरे की गाड़ियां तीन समय कचरा उठाने के लिए जाती है। शीघ्र ही गाड़ियों पर स्पीकर लगवा दिए जाएंगे।