पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को पुष्पगुच्छ भेंट करते भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल। भाजपा
अवाहदेवी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के चारों जिला परिषद वार्डों से विजयी भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों ने मंगलवार को विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में नवनिर्वाचित जिला परिषद उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अन्य तीन नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में जनता ने भाजपा की नीतियों, संगठन की कार्यशैली और विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के चारों जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत जनता के विश्वास और संगठन की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी निर्वाचित सदस्य संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।