हमीरपुर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रैल में प्राकृतिक खेती का सर्टिफिकेट कोर्स छह महीने के बजाय अब एक साल का होगा। संस्थान में इस कोर्स के लिए 30 सीटें प्रस्तावित की हैं।
हालांकि नए पाठ्यक्रम का विवरण अभी तक संस्थान को प्राप्त नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार, आईटीआई रैल में विभिन्न ट्रेड के कोर्स करवाए जा रहे हैं। बीते वर्ष प्राकृतिक खेती का कोर्स पहली बार शुरू किया गया था। उस समय इसकी अवधि छह महीने रखी गई थी, लेकिन पूरे सत्र में एक भी अभ्यर्थी ने प्रवेश नहीं लिया था। इसके चलते इसकी कक्षाएं शुरू नहीं हो पाईं।
हालांकि आगामी शैक्षणिक सत्र में कोर्स की अवधि बढ़कर एक साल हो गई। संस्थान प्रबंधन इस बार कोर्स को लेकर जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने का प्रयास करेगा। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कोर्स शुरू किया गया है, ताकि युवाओं को खेती से जुड़े आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तरीकों की जानकारी मिल सके। फिलहाल नए सत्र के लिए 30 सीटें भरने का प्रस्ताव है। विस्तृत पाठ्यक्रम आने के बाद ही पढ़ाई की रूपरेखा स्पष्ट हो पाएगी।
कोट
आईटीआई रैल में प्राकृतिक खेती का कोर्स छह महीने के बजाय अब एक साल का होगा। पिछले शैक्षणिक सत्र एक भी सीट नहीं भरी थी। आगामी शैक्षणिक सत्र में सीटें भरने का प्रयास किया जाएगा।
-कपिल ठाकुर, प्रधानाचार्य, आईटीआई रैल