नादौन (हमीरपुर)। बस अड्डा नादौन परिसर और बस अड्डा के बाहर मुख्य मार्ग के किनारे रेहड़ी-फहड़ी व दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण पर नगर परिषद ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई की। इस दौरान रेहड़ी-फहड़ी और दुकानदारों का काफी सामान जब्त किया गया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार की अगुवाई में टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान आरंभ किया है। इस दौरान रमन कुमार ने सख्त हिदायत दी है कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण बस अड्डा परिसर, मुख्य बाजार सहित अन्य स्थानों पर लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाई हो रही है।
वहीं, गर्मी के मौसम में बस अड्डा परिसर में दुकानों के बरामदे में लोग खड़े होते हैं, परंतु यहां भी अतिक्रमण के कारण लोगों को खड़े होने के लिए भी जगह नहीं है। रमन कुमार ने दुकानदारों और रेहड़ी-फहड़ी वालों को चेतावनी दी है कि नालियों के ऊपर यदि अतिक्रमण किया तो कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर टीम के साथ कुलदीप कुमार, अक्षित सोनी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।