हमीरपुर। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 31 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव संशोधित कर दूसरी बार मंजूरी के लिए शहरी विकास विभाग के निदेशक को भेज दिया है।
इससे पहले भेजे गए प्रस्ताव पर तकनीकी और वित्तीय बिंदुओं को लेकर आपत्तियां दर्ज की गई थीं, जिसके बाद निगम प्रशासन ने आवश्यक संशोधन किए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निदेशक कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद ही शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बजट स्वीकृत होने पर सड़क सुधार, स्वच्छता व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के विकास, पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित बजट दोबारा भेज दिया गया है और जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। बजट मंजूर होने के बाद विभिन्न योजनाओं के लिए धनराशि आवंटित की जाएगी तथा प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
गौरतलब है कि नगर निगम में चुनाव नहीं होने के कारण इस बार बजट प्रस्ताव निगम हाउस की मंजूरी के बिना ही तैयार किया गया है। अब निगम प्रशासन की नजर निदेशक कार्यालय से मिलने वाली स्वीकृति पर टिकी है, क्योंकि इसके बाद ही शहर के विकास कार्यों की रूपरेखा पर अमल शुरू हो सकेगा।
कोट :
नगर निगम ने 31 करोड़ के बजट का प्रस्ताव निदेशक को मंजूरी के लिए भेजा है। पहले इसमें संशोधन के लिए कहा गया था। संशोधन के बाद दोबारा भेजा है।
-राकेश कुमार शर्मा, आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर