हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दवाइयों की कमी को दूर करने के प्रयास में कॉलेज प्रशासन जुट गया है। मेडिकल कॉलेज की ओर से विभिन्न दवा आपूर्ति कंपनियों को 250 के करीब विभिन्न दवाइयों के ऑर्डर कर दिए गए हैं।
इन दवाइयों में बीपी, शुगर, आयरन सहित अन्य दवाइयां शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि जल्द ही दवाइयों की खेप पहुंच जाएगी। मेडिकल कॉलेज में रोजाना 1000 से 1500 ओपीडी रहती है। अत्याधिक मरीजों के आवागमन के कारण कभी-कभी यहां पर दवाइयों की कमी हो जाती है। इसके अलावा दवा आपूर्ति कंपनियों की ओर से भी अकसर दवाइयों की खेप समय पर नहीं पहुंचाई जाती है।
समय पर दवाइयां नहीं पहुंचने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मरीजों को महंगे दामों पर दवाइयां भी लेनी पड़ती हैं। हालांकि कई बार मेडिकल कॉलेज को स्थानीय वेंडर्स से भी दवाइयां लेनी पड़ती हैं। मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की सप्लाई नियमित रूप से बनी रही, इसके लिए कॉलेज ने पिछले माह विभिन्न दवाइयों के ऑर्डर कर दिए हैं।
कोट
मेडिकल कॉलेज की ओर से नियमित रूप से दवाइयों के लिए दवा आपूर्ति कंपनियों को ऑर्डर किए जाते हैं। समय पर दवाइयां मरीजों को उपलब्ध हों, इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रयासरत्त है।
-देसराज शर्मा, एमएस, मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर