सिस्टम को ठंडा रखने के लिए मशीन रूम में लगाए जाएंगे एग्जॉस्ट फैन और पंखा, मरीजों को मिलेगी राहत
ओवरहीटिंग के कारण लगातार खराब हो रही थी लिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अब बार-बार लिफ्ट खराब नहीं होगी। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए लिफ्ट के सिस्टम में एग्जॉस्ट फैन और पंखा लगाया जाएगा। कई महीनों से बार-बार लिफ्ट खराब होने की समस्या से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लिफ्ट का सिस्टम बार-बार गर्म होने की वजह से तकनीकी खराबी आ रही थी।
लिफ्ट के सिस्टम को ठंडा रखने के लिए लिफ्ट मशीन रूम में एक एग्जॉस्ट फैन और एक पंखा लगाया जा रहा है। इससे सिस्टम का तापमान नियंत्रित रहेगा और लिफ्ट के सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि यह व्यवस्था लागू होने के बाद लिफ्ट के बार-बार खराब होने की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। मरीजों और अस्पताल आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
बॉक्स
सप्ताह में दो से तीन दिन खराब रहती है लिफ्ट
मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट खराब होने की समस्या काफी पुरानी है। कभी-कभी सप्ताह में दो से तीन दिन तक लिफ्ट खराब रहती है। इस कारण मरीज परेशान रहते हैं। मरीजों को सीढ़ियों के माध्यम से वार्डों तक पहुंचाया जाता है। कॉलेज में रोजाना 1000 से 1500 के करीब ओपीडी रहती है। मरीज लंबे समय से लिफ्ट के खराब होने की समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
कोट
-मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट के खराब होने की समस्या ध्यान में है। लिफ्ट के सिस्टम में एग्जॉस्ट फैन और पंखा लगाया जा रहा है। उम्मीद है कि समस्या का स्थाई समाधान होगा।-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर