इंद्रपाल मार्केट भवन की टूटी छत।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। बस अड्डा नादौन के पास स्थित इंद्रपाल बाजार में वीरवार को नगर पंचायत के मार्केट भवन का लेंटर अचानक से टूटने लगा। लेंटर से प्लास्तर के भारी भरकम टुकड़े नीचे गिरने लगे। इस दौरान इस भवन के नीचे कई लोग खड़े थे। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। उस समय यहां काफी भीड़ थी और कुछ महिलाएं ठीक लेंटर के नीचे खड़ी थीं। स्थानीय दुकानदारों शमन, अमन, आशु, अजय, मंडयाल, सुनील, नितिन, विवेक, विक्की आदि ने कहा कि इससे पहले भी ऐसी घटनाएं यहां पर हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि मार्केट भवन का लेंटर सीलन की वजह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। लेंटर का सरिया गल चुका है। आए दिन प्लास्तर गिर रहा है। नीचे की ओर से लेंटर बुरी तरह जर्जर हो चुका है। इस बारे में वह कई बार नगर पंचायत प्रशासन को बता चुके हैं। सीमेंट के यह बड़े-बड़े टुकड़े नीचे चल रहे लोगों पर गिरते रहते हैं। दुकानदारों ने आशंका व्यक्त की है कि यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल ने कहा कि समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।