सुजानपुर(हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान को साफ सुथरा रखने के लिए लगाई गई मशीनरी दो दिन के भीतर ही टूट गई है। मैदान में घास के बीच पत्थर होने के कारण मशीन के दोनों ब्लेड टूट गए हैं। जिससे अब मैदान में साफ सफाई का कार्य अधर में रुक गया है।
मशीन की मरम्मत होने के बाद ही घास को काटने का कार्य शुरू हो पाएगा। प्रतिदिन की भांति वीरवार को भी नगर परिषद के कर्मचारी चौगान में घास काटने का कार्य कर रहे थे। सुबह उन्होंने जैसे ही मशीन से घास काटने का कार्य शुरू किया। घास के बीच ढका बड़ा पत्थर ब्लेड से टकरा गया और मशीन बंद हो गई। कर्मचारियों ने जांच की तो ब्लेड टूटे हुए थे। जिसके बाद उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में मशीन को जमा करवा दिया।
मशीन को मेकेनिक के पास मरम्मत के लिए भेजा गया है। सुजानपुर शहर में ऐतिहासिक चौगान की सुंदरता को बनाए रखने को लेकर नगर परिषद ने 80 हजार रुपये की लागत से मशीनरी की खरीदारी की ताकि जहरीली घास को काटने का कार्य आसानी से हो सके। मशीन के संचालन के लिए ठेकेदार से ट्रैक्टर हायर किया। वहीं विधायक रणजीत सिंह से हरी झंडी दिखाकर मशीनरी को शुरू किया लेकिन दो दिन के भीतर मशीनरी का खराब होना विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। मशीनरी के खराब होने को लेकर शहर में चर्चा बनी हुई है। चौगान में प्रदेश का एकमात्र सैनिक स्कूल स्थापित है। यहां पर सरकारी व गैर सरकारी राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव भी मनाया जाता है। जिससे प्रशासन को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व होता है लेकिन चौगान में जहरीली घास काटने के लिए कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चौगान में घास के बीच पत्थर होने से मशीन के ब्लेड टूट गए हैं। मशीन को पुन: घास काटने के लिए लगाया जाएगा। मशीनरी की मरम्मत करवाई जा रही है।
- तिलक राज,कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद सुजानपुर।