हमीरपुर। कांगड़ा जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान का पहला चरण लोकार्पण के लिए तैयार हो गया है। पहले चरण में वन्यजीव अस्पताल, क्वारंटीन केंद्र, अकादमिक रसोई और फुटपाथ का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
प्राणी उद्यान को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। इसके संचालन और वन्यजीवों की देखभाल के लिए प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के पद भी स्वीकृत किए हैं।
वन्यजीव विभाग हमीरपुर के डीएफओ ने बताया कि पहले चरण में प्राणी उद्यान के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वन्यजीव अस्पताल में जानवरों के उपचार और स्वास्थ्य जांच की सुविधा होगी, जबकि क्वारंटीन केंद्र में नए लाए जाने वाले वन्यजीवों को निर्धारित अवधि तक अलग रखा जा सकेगा।
इसके अलावा अकादमिक रसोई और फुटपाथ का निर्माण भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्राणी उद्यान के संचालन के लिए सरकार ने 31 वन मित्र और 61 आउटसोर्स कर्मचारियों के पद स्वीकृत किए हैं।
कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के बाद वन्यजीवों की देखभाल, भोजन उपलब्ध करवाने, स्वास्थ्य जांच और पर्यटकों को मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके अलावा रेंज अधिकारी, उपनिदेशक सहित अन्य अधिकारियों के 91 पद भी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भरे जाएंगे।
कोट
उद्यान का निर्माण अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है। इसके सभी हिस्सों को विकसित करने के साथ वन्यजीवों के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। कर्मचारियों की तैनाती और प्रशिक्षण से इसके संचालन की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
-रेजिनॉल्ड रायस्टन ए, डीएफओ, वन्य प्राणी विभाग हमीरपुर