पहली मेरिट सूची 20 जून को होगी जारी
12 से 19 जून तक होगी विद्यार्थियों की काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यार्थी प्रवेश लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। काउंसलिंग 12 से 19 जून तक की जाएगी। इसके बाद 20 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 19 जून तक महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर अपने आवेदन पत्र आवश्यक शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों सहित अपलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम वर्ष के सेमेस्टर के लिए कला स्नातक, वाणिज्य स्नातक और विज्ञान स्नातक पाठ्यक्रमों में अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार विषयों का चयन कर ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों की काउंसलिंग 12 से 19 जून तक होगी। प्रथम वर्ष की प्रथम मेरिट सूची 20 जून को शाम पांच बजे कॉलेज के सूचना पट्ट एवं वेबसाइट पर डाल दी जाएगी। चयनित विद्यार्थी 21 से 23 जून तक अपनी प्रवेश फीस ऑनलाइन माध्यम से जमा करवा सकेंगे। द्वितीय मेरिट सूची 24 जून दोपहर तीन बजे प्रदर्शित की जाएगी। इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 25 से 27 जून तक ऑनलाइन फीस जमा करवा सकेंगे। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के साथ बीबीए और बीसीए के विद्यार्थी भी 19 जून तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करके फीस जमा करवा सकते हैं। प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों के लिए 28 से 30 जून तक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।