संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू/बिझड़ी (हमीरपुर)। तीन शिक्षा खंडों में चल रही अंडर-19 छात्रा खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को रोचक मुकाबले हुए। तीन स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिता में 82 स्कूलों की 749 छात्राएं कबड्डी, वॉलीबाल और बैडमिंटन में भाग ले रही हैं।
जोन-एक हमीरपुर-भोरंज : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में चल रही प्रतियोगिता के कबड्डी सेमीफाइनल में कुठेड़ा ने भरेड़ी को 68-1 और डिडवीं ने हैप्स विकासनगर को 20-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वॉलीबाल में मुंडखर ने सीबीएसई हमीरपुर को 2-0 से हराया। बैडमिंटन में बडैहर ने हैप्स हीरानगर और सीबीएसई हमीरपुर ने हैप्स विकासनगर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल बडैहर और सीबीएसई हमीरपुर के बीच होगा।
जोन-दो बिझड़ी-सुजानपुर : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिझड़ी में कबड्डी के सेमीफाइनल में बड़सर ने बिझड़ी को 44-38 और चौरी ने बणी को 41-25 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल चौरी और बड़सर के बीच होगा। वॉलीबाल में रैली जजरी ने सेवन स्टार बणी और बिझड़ी ने कठियाणा को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल रैली जजरी और बिझड़ी के बीच होगा। बैडमिंटन फाइनल ब्राइट सन और कुल्हेड़ा के बीच होगा।
जोन-तीन नादौन-टौणी देवी : अमलैहड़ स्कूल में प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुकाबले हुए। प्रधानाचार्य अनीता आनंद ने बताया कि वॉलीबाल में समीरपुर ने धनेटा, कबड्डी में अमलैहड़ ने मदर प्राइड पब्लिक स्कूल मलोटी और बैडमिंटन में कांगू ने जलाड़ी को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।