नादौन। बिजली बोर्ड के कर्मचारी बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अपनी जान को हथेली पर रखकर लाइनों की मरम्मत कर रहे हैं। नादौन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए कर्मचारी तारों की मरम्मत में जुटे हैं। मंगलवार को जब शहर में थोड़ी देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हुई तो मौके पर पहुंच कर कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के लिए अपनी जान को जोखिम में डालकर इस कार्य को अंजाम दिया। बिजली लाइनों में ऐसी जगह बाधा उत्पन्न हुई जहां पहुंच कर इस फाल्ट को ठीक करना बेहद मुश्किल था।
35 फीट ऊंचे बिजली पोल पर रंगड़ों ने डेरा जमाया हुआ था और इसी स्थल पर बिजली की तारों की मरम्मत की जानी थी। लेकिन, बिजली बोर्ड के लाइनमैन गुलबीर चंद ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पूरे शरीर पर बरसाती डालकर तथा सिर पर हेल्मेट, हाथों में गलव्ज डालकर इस कार्य को अंजाम दिया। लाइनमैन गुलबीर चंद ने कहा कि रंगड़ों के कारण उपरोक्त स्थल पर बिजली की तारों की मरम्मत करना काफी कठिन था, परंतु बिजली उपभोक्ताओं को सुचारु आपूर्ति करवाना जिम्मेवारी भी थी। बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अक्षय ने कहा कि बारिश के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, परंतु इस समस्या का कुछ देर में हल कर दिया गया।