हमीरपुर। स्टाफ की कमी की से जूझ रहे प्राथमिक स्कूलों में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने पांच जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति कर दी है। शिक्षकों की नियुक्ति दिव्यांग कोटे के तहत की गई है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने उपनिदेशक को शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर गाइडलाइन जारी की थी। ऐसे में विभाग ने नवनियुक्त शिक्षकों को छह जनवरी से पूर्व स्कूलों में ज्वाइनिंग देने के निर्देश जारी किए हैं। पांच जेबीटी शिक्षकों के साथ जिला को खेल कोटे से एक कला शिक्षक की नियुक्ति भी मिली है। ऐसे में अब विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षाओं के दौरान पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
चयनित जेबीटी दिव्यांग शिक्षकों को शिक्षा खंड भोरंज के अंतर्गत प्राथमिक स्कूल बगवाड़ा, सुजानपुर खंड में टीहरा और चमियाणा, बिझड़ी खंड में कोटला और गलोड़ खंड के प्राथमिक स्कूल गाहली में नियुक्ति दी गई है। इसके अलावा स्पोर्ट्स कोटे के तहत टिक्कर खातरियां स्कूल में कला शिक्षक का पद भरा गया है।
वर्तमान में जिलेभर के दो दर्जन से अधिक प्राथमिक स्कूलों में जेबीटी शिक्षकों के पद रिक्त हैं। कई स्कूल तो ऐसे हैं, जिन्हें एक-एक शिक्षक चला रहे है। ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से छह शिक्षकों को नियुक्त किया गया है, ताकि वार्षिक परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
कोट
जिले में दिव्यांग कोटे से जेबीटी के पांच, जबकि स्पोर्ट्स कोटे के तहत एक कला शिक्षक का पद भरा गया है। शिक्षकों को छह जनवरी से पूर्व नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
-कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर