हमीरपुर। सड़कों पर सोने वाले बेसहारा लोगों को अब रहने के लिए आश्रय की सुविधा मिलेगी। नगर निगम हमीरपुर की ओर से सूचना पट्टों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को रहने के लिए स्थान प्रदान किया जा सके। रैन बसेरा में केवल बिना आश्रय वाले लोगों को ही राहत दी जाएगी। बेसहारा लोग नगर निगम कार्यालय में आकर निशुल्क सेवा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद कमेटी लोगों को एनजीओ भवन के साथ स्थित रैन बसेरा में बेसहारा लोगों को स्थान देगी।
नगर निगम की ओर से लोगों को आश्रय शहरी विकास विभाग की दीन दयाल अंतोदय योजना के अंतर्गत दिया जा रहा है ताकि विपरीत मौसम में सड़कों पर जीवन यापन कर रहे लोगों को सहायता प्रदान की जा सके। गर्मी, बारिश और ठंड के कारण किसी की भी मौत न हो। रैन बसेरा में लोगों को बेड, रहने की उचित व्यवस्था और दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से देखभाल करने के लिए एक कर्मचारी और तीनों समय का निशुल्क खाना प्रदान किया दिया जाएगा। वर्तमान में रैन बसेरा में कोई भी बेसहारा नहीं है। ऐसे में नगर निगम की ओर से प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
शहरी विकास विभाग की दीन दयाल अंतोदय योजना के अंतर्गत बेसहारा लोगों को आश्रय प्रदान किया जा रहा है ताकि सड़कों पर जीवन यापन करने वाले लोगों को आश्रय प्रदान किया जा सके।
-राहुल चौहान, आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर