सड़कों की देखभाल और निकासी नालियों की मरम्मत को लेकर बैठक में की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया की अध्यक्षता में बुधवार को बिझड़ी में बैठक हुई। इसमें बिझड़ी में खुले लोकनिर्माण विभाग में नए सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर बिझड़ी, भोटा, चकमोह और ब्लॉक बिझड़ी के जूनियर इंजीनियर संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सड़कों से बरसात के पानी की निकासी के लिए उचित प्रबंध करने को कहा ताकि सड़कों को भारी बरसात से कोई नुकसान न हो। ढटवालिया ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कों के किनारे नालियां और झाड़ियां काटने के लिए मनरेगा के तहत काम करवाएं।
बिझड़ी बाजार में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। पानी दुकानों में घुस जाता है और लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसका जल्दी हल कर पानी निकासी का प्रबंध किया जाए। भोटा-बिझड़ी वाया पपलोहल सड़क के किनारे नालियां न होने से हर वर्ष सड़क को नुकसान होता है। इस सड़क की नालियां बनाकर पानी की निकासी भी करवाई जाए। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा, पवन कालिया, कमल पठानिया, राजेश बन्याल, मीना धीमान, विपन ढटवालिया, निक्का राम, नरेश लखनपाल आदि उपस्थित रहे।