भोटा(हमीरपुर)। चार वर्ष बीत जाने के बाद भी भोटा बस अड्डा परिसर की मरम्मत नहीं हो पाई है। हालात ऐसे हैं कि बस अड्डा परिसर में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डेढ़ माह पूर्व बारिश के दौरान स्थानीय दुकानदारों और चालक-परिचालकों ने गड्ढों में मिट्टी भरकर अस्थायी तौर पर कार्य किया था, लेकिन वर्तमान में हालात पहले की तरह हैं। विभाग की ओर से बस अड्डा परिसर की मरम्मत करने में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में मनोज कुमार, चमन लाल, अनिल कानूनगो, अरुण सोनी, विजय कुमार, देशराज, पवन कुमार ने कहा कि बस अड्डे का परिसर खस्ताहाल अवस्था में है। फर्श टूटे हुए हैं और दीवारों पर दरारें हैं। वर्षाशालिका के अंदर भी यात्रियों के बैठने, शौचालय और पीने के पानी की सुविधा संतोषजनक नहीं है। परिसर में सुरक्षा का भी अभाव है, जिससे रात के समय में यात्रियों को असुरक्षित महसूस होता है।
परिसर में सुचारू रूप से सफाई न होने से अक्सर गंदगी और कूड़े का ढेर लगा रहता है। भोटा बस अड्डे के परिसर की हालत में सुधार करना आवश्यक है। सरकार और संबंधित अधिकारियों को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सके।
कोट्स
बस अड्डा भोटा परिसर खस्ताहाल है। समस्या ध्यान में है। शीघ्र ही बस अड्डा परिसर की मरम्मत करवाई जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
-राज कुमार पाठक, डीएम, एचआरटीसी मंडल, हमीरपुर
लंबे समय से भोटा बस अड्डा परिसर की मरम्मत औपचारिकता के तौर पर की जाती है। पूरे परिसर का कायाकल्प एक साथ होना चाहिए।
-राजेंद्र सोनी, पूर्व पार्षद
नए बसे अड्डे के लिए स्थानीय लोगों ने करोड़ों रुपये की भूमि दान की है, लेकिन निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
-डॉ. ललित मोहन भार्गव
बस अड्डा परिसर से होकर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और यात्री गुजरते हैं, लेकिन खस्ताहाल वर्षाशालिका और परिसर के कारण उन्हें परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
-यशवंत सिंह
समस्या को लेकर व्यापार मंडल के साथ निगम के अधिकारियों को भी अवगत करवाया है, लेकिल अभी तक समाधान नहीं हुआ है। समस्या का शीघ्र समाधान होना चाहिए।
-पवन कुमार
राजेंद्र सोनी पूर्व पार्षद।
राजेंद्र सोनी पूर्व पार्षद।
राजेंद्र सोनी पूर्व पार्षद।
राजेंद्र सोनी पूर्व पार्षद।