डोली में क्षतिग्रस्त चैंबर की नहीं हुई मरम्मत। स्रोत : पाठक
- फोटो : mathura
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के तहत सुजानपुर-हमीरपुर मार्ग पर डोली में दस दिन पहले क्षतिग्रस्त सीवरेज चैंबर की मरम्मत नहीं हो पाई है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि पुलिस विभाग की ओर से यहां बैरिकेड्स लगाए गए हैं, लेकिन यह बैरिकेड्स यहां पर वाहन चालकों के लिए परेशानियों का सबब भी बन रहे हैं। वाहनों के अत्याधिक दवाब के कारण यहां पर जाम की स्थिति भी बन जाती है। गौर हो कि डोली में महीना भर पहले सीवरेज चैंबर लीक हो रहा था। उसके बाद इस चैंबर की मरम्मत कर दी गई, लेकिन दस दिन पहले यह चैंबर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें इसके सरिये भी बाहर निकल गए।
इतने दिन बीतने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने इस चैंबर को दुरुस्त नहीं किया है, मात्र मिट्टी भर दी है। वहीं, दूसरी ओर दुर्घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस विभाग ने चैंबर के दोनों ओर बैरिकेड्स लगा दिए हैं। लेकिन इन बैरिकेड्स के कारण कभी-कभार जाम की समस्या भी पैदा हो रही है। स्थानीय लोगों में अविनाश, कमल, प्रवीन, अक्षय ने कहा कि संबंधित विभाग को क्षतिग्रस्त चैंबर को ठीक करना चाहिए।
कोट
डोली में क्षतिग्रस्त चैंबर की समस्या ध्यान में है। जल्द ही चैंबर की मरम्मत कर दी जाएगी, ताकि वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो।
-अभिषेक, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, सुजानपुर