संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मात्र दो पोर्टेबल एक्सरे मशीनों पर 51 हजार लोगों के एक्सरे का भार है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू किया गया अभियान धीमी गति से चल रहा है। अभी तक लगभग 30 हजार लोगों के एक्सरे हुए हैं।
इनमें से करीब 22 लोगों में टीबी पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिसंबर 2024 में 100 दिन का टीबी अभियान शुरू किया था।
पहले मार्च तक लक्ष्य निर्धारित था कि लगभग 51 हजार लोगों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ एक्सरे प्रक्रिया को भी पूर्ण कर लिया जाएगा, लेकिन मार्च तक लक्ष्य पूर्ण नहीं हुआ। अब स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है कि अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक लक्षित लोगों के एक्सरे नहीं हो जाते।
जिला में करीब आठ स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी जांच की सुविधा है। यहां पर टीबी मरीजों की जांच की जाती है। बावजूद इसके कई लोग जांच के लिए अस्पताल में जाने से कतराते हैं।
इन लोगों की सुविधा के लिए पोर्टेबल एक्सरे मशीनों की सहायता से टीबी स्क्रीनिंग शुरू की गई। इसमें घर या सामुदायकि केंद्र में जाकर जांच की जाती है।