हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पीएचसी और सीएचसी से आने वाले सैंपलों की जांच अलग से की जाएगी। इसके लिए हथली पुल के समीप क्रस्ना लैब में सरकारी कीमतों पर ही मरीजों के टेस्ट किए जाते हैं। वहीं, इसी लैब में जिलाभर की पीएचसी व सीएचसी के सैंपल भी जांच के लिए आते हैं।
ऐसे में मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट देरी से मिलती है और समय पर मरीजों का इलाज शुरू नहीं हो पाता है। इसी समस्या के हल के लिए हथली पुल के नजदीक एक और क्रस्ना लैब स्थापित की जाएगी। जहां इन कुल 69 पीएचसी और सीएचसी से आने वाले सैंपलों की जांच अलग से की जाएगी। मेडिकल कॉलेज में स्थापित क्रस्ना लैब में एक दिन में 2,000 से 3,000 टेस्ट मरीजों के किए जाते हैं। यह लैब एक माह के भीतर भी स्थापित हो जाएगी। उसके बाद अस्पताल में आने वाले मरीजों की रिपोर्ट भी जल्द ही मिल जाया करेगी। इस बारे में क्रस्ना लैब के अधिकारी धीरज शर्मा ने कहा कि हथली पुल के पास एक और क्रस्ना लैब स्थापित की जाएगी और वहां सभी पीएचसी व सीएचसी से आने वाले सैंपलों की जांच की जाएगी।