जाहू (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज के तहत भरेड़ी अनुभाग में बस्सी-तताहर सड़क पर लींडी खड्ड पर बन रहे नए पुल का निर्माण नवंबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। करीब 3.78 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है। अब स्लैब डालने के लिए शटरिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। तीन स्पैन वाले इस पुल की लंबाई 33.88 मीटर, चौड़ाई 7.50 मीटर और ऊंचाई 11.50 मीटर होगी। पुल के दोनों ओर पैदल राहगीरों के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे।
निर्माण के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए खड्ड से होकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है, जिससे यातायात सुचारू रूप से जारी है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की लगातार जांच कर रहे हैं। विधायक सुरेश कुमार ने पुल निर्माण की विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली है और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
कक्कड़ और गरसाहड़ पंचायतों के बीच लींडी खड्ड पर पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। सब स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और स्लैब डालने के लिए शटरिंग का काम शुरू कर दिया है। नवंबर के अंत तक पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। -प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग भरेड़ी अनुभाग।