मैहरे (हमीरपुर)। राजकीय टीजीटी कला संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर सीबीएसई सब कैडर प्रतिनियुक्ति के लिए चयनित सेवारत शिक्षकाें की काउंसलिंग प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने मांग की कि काउंसलिंग से पहले चयनित शिक्षकों से उनके पसंदीदा विद्यालयों अथवा स्टेशनों के विकल्प ऑनलाइन प्राप्त किए जाएं।
राजकीय टीजीटी कला संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार लगभग 5623 शिक्षकों को सीबीएसई विद्यालयों में इन-सर्विस प्रतिनियुक्ति पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। विशेष स्क्रीनिंग टेस्ट में 9821 शिक्षक शामिल हुए थे और 5263 शिक्षकों की अंतिम मेरिट सूची जारी की जा चुकी है।
संभावित दस हजार तबादले केवल अनुमान हैं, जबकि असलियत में यह आंकड़ा इसका आधा भी नहीं होगा। उन्होंने बताया कि संघ के पदाधिकारी 12 जून को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मुलाकात करेंगे।
उन्होंने बताया कि संघ मुख्यमंत्री के समक्ष भी अधिसूचित प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी, मेरिट आधारित एवं समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग रखेगा, ताकि उत्कृष्ट सीबीएसई विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति समय पर हो सके। संवाद