हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सरकारी रेट पर टेस्ट उपलब्ध करवाने वाली कृष्णा लैब की दो बॉयो लैब मशीनें खराब हो गईं। इससे अस्पताल में मरीजों को टेस्ट करवाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऑटो कंप्यूटराइज्ड एनालाइजर खराब होने के कारण मरीजों के टेस्ट नहीं हो पाए। बायो लैब मशीनों में किडनी, लीवर आदि के टेस्ट किए जाते हैं। सरकारी लैब में पहले से ही यह टेस्ट नहीं हो पा रहे और गत दिवस कृष्णा लैब में भी यह टेस्ट नहीं हो पाए। इससे मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मरीज निजी लैबों में टेस्ट करवाने के लिए मजबूर हुए। जहां उन्हें आर्थिक परेशानी हुई। अस्पताल में कृष्णा लैब के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इसी लैब में सरकार की ओर से निर्धारित दामों पर मरीजों के टेस्ट किए जाते हैं, लेकिन जब सरकार व कृष्णा दोनों ही लैबों में टेस्ट सुविधा सुचारु नहीं हो पाएगी तो मरीज कहां जाएंगे। मरीजों, सुरेश, विरेंद्र, सुषमा, शकुंतला, रत्नी देवी आदि ने कहा कि अस्पताल के अंदर ही सभी टेस्ट सुविधाओं की उपलब्धता हो ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि गत दिवस मशीनें खराब हुई थीं लेकिन एक मशीन रात नौ बजे व दूसरी मशीन देर रात को ठीक करवा दी गई। बुधवार को मरीजों को टेस्ट करवाने की पूरी सुविधा दी गई।