हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में शहर से अतिक्रमण हटाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के सामने बनी वर्षाशालिका परिसर में रखे सामान को नगर परिषद के कर्मचारी यहां से गाड़ियों में लाद कर नगर परिषद कार्यालय ले गए। इसके साथ ही यहां पर दुकानदार की ओर से सजाए गए सामान को भी नगर परिषद ने जब्त कर लिया। दरअसल नगर परिषद ने इस स्थल पर विकास कार्यों को लेकर एक योजना तैयार की है। इसके तहत वर्षाशालिका के बाहर सुंदर रेलिंग लगाई जाएगी। वर्षाशालिका के समीप ही एक सार्वजनिक शौचालय है। यहां पर महिलाओं के लिए अलग से शौचालय बनाया जाएगा। शौचालय और वर्षाशालिका के बीच पक्की ईंटों की दीवार बनाई जाएगी। इसके साथ ही कुछ लोगों ने रेहड़ी-फड़ी सजा रखी हैं। कुछेक दुकानदारों ने वर्षाशालिका के भीतर ही सामान सजा लिया था। विकास कार्य शुरू करने से पूर्व नगर परिषद ने दुकानदारों को संबंधित जगह खाली करने के लिए कहा था। इसके तहत अतिक्रमण करने वाले दुकानादारों को नोटिस भी जारी किए थे लेकिन जब जगह खाली नहीं की गई तो बुधवार को नगर परिषद को मजबूरन पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस सुरक्षा के बीच वर्षाशालिका वाले स्थल को खाली करवाया गया।
उधर, नगर परिषद के सहायक अभियंता अश्वनी कुमार ने कहा कि नगर परिषद ने वर्षाशालिका वाले स्थल के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। यहां पर सुंदर रेलिंग लगाई जाएगी और महिलाओं के लिए शौचालय बनाया जाएगा। जिसके चलते अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया था। बुधवार को पुलिस सुरक्षा के बीच संबंधित स्थल से अतिक्रमण हटाया गया।