हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में एमबीबीएस प्रशिक्षु छात्राओं के लिए जल्द ही छात्रावास का निर्माण कार्य शुरू होगा। छात्रावास के निर्माण पर करीब 22 करोड़ रुपये का बजट खर्च होने का अनुमान है।
हॉस्टल ए और बी ब्लॉक में बनाया जाएगा। दोनों ही ब्लॉक में करीब 240 छात्राओं के रहने की सुविधा होगी। ब्लॉक ए का टेंडर हो चुका है। इस सप्ताह टेंडर के अवार्ड होने की उम्मीद है। ए ब्लॉक का करीब 10 से 11 करोड़ का टेंडर है। हर मंजिल पर बाॅशरूम की सुविधा होगी। ब्लॉक ए धरातल मंजिल को मिलाकर पांच मंजिला होगा। इसमें दो बेसमेंट होंगी। ब्लॉक बी में भी ए के बराबर 120 प्रशिक्षुओं के ठहरने की सुविधा मिलेगी।
ब्लॉक बी का भी टेंडर जल्द होने की संभावना है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज जिला मुख्यालय स्थित जोनल अस्पताल हमीरपुर में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में अकादमिक ब्लॉक और अस्पताल भवन का निर्माण जोलसप्पड़ में पूरा कर लिया गया है।
प्रथम चरण में कुछ विभागों को ही मेडिकल कॉलेज के जोलसप्पड़ कैंपस में शिफ्ट किए जाने की योजना प्रबंधन ने तय की है। प्रारंभिक चरण में कुछ विभाग जोलसप्पड़ कैंपस में तो कुछ जोनल अस्पताल में संचालित किए जाएंगे।
कोट
छात्रावास के लिए ब्लॉक एक का टेंडर हो चुका है। इस सप्ताह अवार्ड की संभावना है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-पंकज कौशल, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग नादौन