हमीरपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद हमीरपुर के सभी 11 वार्डों और नादौन के आठ वार्डों समेत 19 पंचायतों को पूर्ण तौर पर लॉकडाउन किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए हॉटस्पाट क्षेत्र को कंटेनमेंट और बफर जोन में बांटा है।
तीन और सात किलोमीटर के जोन में चार दिन से पूर्ण कर्फ्यू लगा है। जिले के अन्य हिस्से में सुबह सात से 10 बजे के बीच कर्फ्यू में ढील दी जा रही है। लेकिन कंटेनमेंट और बफर जोन में कोई ढील नहीं है। लोगों को सब्जियां और दूध समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति घर द्वार पर करने के लिए जिला प्रशासन ने दूध और सब्जी विक्रेताओं को कर्फ्यू पास जारी किए हैं। इसके साथ ही अपने अधिकारिक फेसबुक अकाउंट और ट्विटर से लोगों को दूध और सब्जी विक्रेताओं के मोबाइल नंबरों को सोशल मीडिया पर डिस्प्ले किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा जारी दुकानदारों के मोबाइल नंबर पर लोगों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके चलते लोगों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही। खासकर बच्चों को दूध न मिलने से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने स्थानीय पशुपालकों और डेयरी फार्म से की जाने वाली दूध की आपूर्ति पर रोक लगाई हुई है।
वार्ड नंबर एक के रहने वाले संदीप नंदा ने कहा कि उनके घर पर पांच माह का बच्चा है दूध न मिलने के कारण दिक्कत हो रही हैं। अणु कलां पंचायत के बल्ह गांव के राजेंद्र राजन ने कहा कि उनके गांव में सब्जी और दूध की आपूर्ति बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को खासी दिक्कतें पेश आ रही हैं। राजेंद्र राजन ने कहा कि हमीरपुर के जनप्रतिनिधि भी लोगों की सुध नहीं ले रहे। जिला खाद्य नियंत्रक शिवराम राही ने कहा कि कुछ गांव में सब्जी की आपूर्ति न होने की शिकायतें मिली हैं। बुधवार को अतिरिक्त वाहन मालिकों को सब्जी के आपूर्ति के लिए पास जारी किए गए हैं। वीरवार से सब्जियों की आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।