हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने लोक निर्माण विभाग से अपने भवन निर्माण का कार्य छीन लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन भवन निर्माण को लेकर बरती गई लोनिवि की लेटतलीफी पर भड़क गया है। बीते दो साल से यूनिवर्सिटी भवन का निर्माण कार्य लोनिवि के पास था।
विभाग ने भवन निर्माण की डिजाइन तक तैयार कर ली थी। लेकिन लोनिवि निर्माण कार्य को शुरू नहीं कर पाया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लोनिवि से यह काम वापस लेकर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग(सीपीडब्ल्यूडी) को सौंप दिया है। भवन निर्माण को केवल टेंडर प्रक्रिया बची है। अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं।
सीपीडब्ल्यूडी मई और जून माह के बीच भवन निर्माण कार्य शुरू करेगा। वहीं, सीपीडब्ल्यूडी ने यूनिवर्सिटी को डेढ़ साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। जिला मुख्यालय हमीरपुर से सटी ग्राम पंचायत दडूही में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि का प्रशासनिक और अकादमिक भवन बनेगा।
साथ ही यहां यूनिवर्सिटी का अपना गेस्ट हाउस भी बनेगा। दूसरी ओर, लोनिवि ने टेक्निकल यूनिवर्सिटी प्रशासन पर निर्माण कार्य को लेकर एक तिहाई बजट नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 24 करोड़ के अनुमानित बजट के बावजूद सिर्फ डेढ़ करोड़ रुपये ही मिले थे जिसे लौटा दिया गया है।
दडूही पंचायत में टेक्निकल यूनिवर्सिटी का प्रशासनिक, अकादमिक भवन और गेस्ट हाउस बनेगा। पहले निर्माण कार्य लोनिवि को दिया गया था, लेकिन विभाग कार्य शुरू ही नहीं कर पाया। अब टेक्निकल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मीटिंग में निर्णय लिया है कि निर्माण कार्य सीपीडब्ल्यूडी को सौंपा जाए। सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं।
- विनय कुमार, रजिस्ट्रार, हिप्र टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर