मुआवजा मिलने के बाद भी जगह खाली न करने पर मौके का जायजा लेते अधिकारी। स्रोत : जागरूक पाठक
टौणी देवी (हमीरपुर)। एनएच तीन निर्माण के बीच टौणी देवी में कई प्रभावित लोग मुआवजा मिलने के बाद भी जमीन खाली नहीं कर कर रहे हैं। कुछ दुकानदारों की ओर से अपनी दुकानों के छज्जे नहीं तोड़े हैं, जो कि एनएच निर्माण में बाधक बन रहे हैं। अब एनएच अथॉरिटी की ओर से संबंधित दुकानदारों को पंद्रह दिन के भीतर कब्जे हटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं नोटिस मिलने के बाद संबंधित दुकानदारों ने लिखित रूप से 15 दिन के भीतर कब्जे हटाने की हामी भरी है। शुक्रवार शाम को एनएच अधिकारियों ने तहसीलदार टौणी देवी के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया है कि एनएच कार्य के बीच टौणी देवी अस्पताल चौक सहित अन्य जगह कई प्रभावित मुआवजा मिलने के बाद कब्जा किए हुए हैं।
कुछ दुकानदारों ने सामान भी सड़क पर सजाया हुआ है। वहीं टौणी देवी तहसील कार्यालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की कटिंग हुई है। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार सौरभ धीमान ने कहा कि अस्पताल चौक पर उन स्थानों का अवलोकन किया गया, जहां प्रभावितों ने मुआवजा लेने के बाद भी जगह को खाली नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों ने पंद्रह दिन के भीतर स्वयं कब्जे को हटाने की बात लिखित रूप में कही है। उन्होंने कहा कि इस बारे उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। वहीं विधायक सुजानपुर रणजीत सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया।