डाइट गौना करौर में गणित व विज्ञान विषय के अध्यापक प्रशिक्षण सत्र के दौरान। स्रोत: संस्थान
- फोटो : संवाद
हमीरपुर। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में स्टेम अन्वेषण के साथ भविष्य के नवाचार के लिए रचनात्मक दिमाग को प्रेरित करने के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। दो दिवसीय सत्र में जिलाभर से विज्ञान और गणित विषय के 88 शिक्षकों ने भाग लिया।
इस दौरान मास्टर ट्रेनर महिपाल गुर्जर और विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के इंस्ट्रक्टर घूमी सिंह व अक्षय कुमार ने शिक्षकों को ब्लॉक-आधारित कोडिंग, पायथन प्रोग्रामिंग, मशीन लर्निंग जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में शिक्षकों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में गुणवत्ता नियंत्रण उपनिदेशक नवीन कुमार बतौर मुख्यातिथि, जबकि डाइट प्रधानाचार्य मदन बन्याल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विज्ञान और गणित को प्रौद्योगिकी के साथ मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम की जिला समन्यवक पूनम शर्मा ने बताया कि पहले बैच में नादौन और हमीरपुर ब्लॉक के 21 स्कूलों के 42 शिक्षकों, दूसरे बैच में भोरंज और सुजानपुर ब्लॉक के 23 स्कूलों के 46 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।