मल्टी टास्क वर्करों, चपरासियों के जिम्मे नौनिहालों का भविष्य
स्कूलों की जगह चुनावी रिहर्सल में ड्यूटी दे रहे जेबीटी शिक्षक
158 प्राथमिक स्कूलों में एकल शिक्षक, 1130 शिक्षक चुनावी ड्यूटी पर
मतदान केंद्रों में ड्यूटी होने से स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
बवीता चंदेल
हमीरपुर। जिला प्रशासन की ओर से छह शिक्षा खंडों से 1,130 प्राथमिक शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगा दी है। इन शिक्षकों में से 158 जेबीटी शिक्षक ऐसे हैं, जिनपर अकेले छह कक्षाओं का कार्यभार है। चुनाव में ड्यूटी लगने के कारण शिक्षक चाहकर भी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई नहीं कर पा रहे है। स्कूलों में शिक्षकों की जगह मल्टी टास्क वर्कर, चपरासी विद्यार्थियों को संभाल रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 को शुरू हुए एक माह भी नहीं हुआ है। ऐसे में पूरे पाठ्यक्रम को समझाने से पूर्व ही शिक्षकों को चुनाव प्रक्रिया की रिहर्सल में जाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों हेमराज ठाकुर, सुनीता, विजय, संदीप, राजीव, सुषमा, मनजीत आदि ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नए सत्र में स्कूल में विद्यार्थियों के लिए बाल वाटिका कार्यक्रम शुरू किया गया है। ऐसे में उन्होंने निजी स्कूलों से विद्यार्थियों को निकालकर सरकारी स्कूलों में दाखिला करवाया है लेकिन स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षक ही मौजूद नहीं हैं। ऐसे में उन्हें बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी हैं। अभी एक माह तक चुनाव को लेकर शिक्षकों की ड्यूटी लगी रहेगी। ऐसे में विद्यार्थियों की एफए वन की परीक्षाएं भी प्रभावित होंगी। चुनाव से लेकर छोटे-छोटे कार्यक्रमों पर शिक्षकों की ड्यूटी कार्यक्रम संचालन में लगा दी जाती है। ऐसे में स्कूलों में दाखिल विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने शिक्षा विभाग से सिंगल टीचर स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव से हटाने की मांग की है।
जिला प्रशासन की ओर से छह शिक्षा खंडों से 1,130 प्राथमिक शिक्षकों की ड्यूटी चुनावों में लगाई है। स्कूलों में विद्यार्थियों को सुचारु रूप से पढ़ाई कराई जा रही है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अशोक कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर।