टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने वाले स्कूलों से जवाब तलबी पर भड़का संघ
कहा, जब दर्जनों स्कूलों में पीईटी ही नहीं तो जवाब तलबी कैसी
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से शारीरिक शिक्षकों की भर्ती की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने शारीरिक शिक्षकों के बिना चल रहे मिडल स्कूलों सहित सभी ऐसी पाठशालाओं से टूर्नामेंट में भाग न लेने पर की गई जवाब तलबी की निंदा की है। संघ का कहना है कि इस तरह का जवाब मांगने से पहले विभाग को खुद का अवलोकन करना चाहिए था कि कितने स्कूलों में पीईटी शिक्षकों के अभाव में बच्चों की खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। संघ के जिलाध्यक्ष संजीव ठाकुर ने बताया कि जिले के दर्जनों स्कूल शारीरिक शिक्षकों के बिना चल रहे हैं। इनकी कमी से स्कूलों में खेल गतिविधियां बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। स्कूलों में तैनात अन्य स्टाफ शैक्षणिक कार्यों के लिए नियुक्त किया गया है। खेल गतिविधियां एक टेक्निकल विषय है और हर खेल के नियम अलग-अलग होने के कारण उन्हें एक तय प्रक्रिया के साथ संपन्न करना जरूरी होता है। इसलिए पीईटी की कमी से ऐसे स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में भाग ही नहीं ले पा रहे हैं।
शैक्षणिक कार्यों में नियुक्त स्टाफ के सामने सबसे बड़ी यह समस्या खड़ी हो गई है कि पीईटी के अभाव में इन गतिविधियों को करवाने का जोखिम उठा भी लें तो किसी अनहोनी की स्थिति में उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इसलिए शैक्षणिक जिम्मेदारी के लिए नियुक्त स्टाफ से क्रीड़ा संबंधी कार्य किसी भी स्तर पर नहीं लिया जा सकता है। जब विभाग को इस बात का पता है कि जिन स्कूलों में पीईटी का पद रिक्त चल रहा है वहां पर तकनीकी तौर पर बच्चों की न तो प्रैक्टिस हो पा रही है और न ही बच्चे टूर्नामेंट में भाग ले पा रहे तो फिर स्कूलों से इस तरह की जवाबतलबी करने का क्या औचित्य है? विभाग इस तरह के कोई आदेश न निकाले नहीं तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। संघ ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से मांग की है कि स्कूलों में पीईटी के रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए ताकि स्कूलों में खेल गतिविधियों को भी एक समान बढ़ावा दिया जा सके। इस अवसर पर जिला महासचिव राजकुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष सुदर्शन कुमार, भोरंज के प्रधान अजय शर्मा, हमीरपुर के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, नादौन के अध्यक्ष मनोज शर्मा, महासचिव नरेश पटियाल, सुजानपुर से अरुण शर्मा, हंसराज, राजकुमार, विपन ठाकुर, अजय शर्मा, राजेंद्र सिंह, शशि ठाकुर, दिनेश कुमार, राजेंद्र ठाकुर, बाबूराम, ओंकार, अटल और प्रदीप ठाकुर आदि भी मौजूद रहे।