हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में विशेष बच्चों के स्कूल में शिक्षक का पद एक माह से खाली चल रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्तमान में विशेष बच्चों को बाल स्कूल हमीरपुर में शिक्षा दी जा रही है। स्कूल में 13 दिव्यांग विद्यार्थी दाखिल हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने 2017 से एक टीजीटी अध्यापक की नियुक्ति भी की थी, ताकि दिव्यांग बच्चों को उनकी योग्यता के अनुसार पढ़ाया जा सके, लेकिन दो माह पूर्व स्कूल में कार्यरत अनुबंध पर तैनात टीजीटी शिक्षक की बतौर रेगुलर जेबीटी शिक्षक सिरमौर जिले में नियुक्ति हो गई है। उन्होंने एक माह पूर्व सिरमौर में अपनी सेवाएं भी शुरू कर दी हैं। अब इन दिव्यांग विद्यार्थियों को बाल स्कूल में पढ़ रहे अन्य बच्चों के साथ पढ़ाया जा रहा है। इससे दिव्यांग विद्यार्थियों को अन्य सामान्य कक्षाओं की भांति सभी विषयों को समझ पाने में परेशानी हो रही है। दूसरी ओर वार्षिक परीक्षाओं में भी चार माह का ही समय शेष बचा है।
उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर की प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने कहा कि स्कूल की ओर से रिक्त पद के बारे में जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान कार्यालय को पत्र भेजा दिया गया है। अभी तक स्कूल में किसी भी शिक्षक की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
वहीं, जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य धर्मपाल ने कहा कि स्कूल में रिक्त चल रहे पद के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। आचार संहिता लगने के कारण स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति नहीं हो पाई है। आचार संहिता खत्म होते ही स्कूल में रिक्त पद को भर दिया जाएगा।