हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को जिले में जेबीटी टेट और शास्त्री अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया। जेबीटी टेट की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 और शाम को दो बजे से साढ़े चार बजे तक शास्त्री टेट की परीक्षा करवाई गई। जेबीटी टेट सुजानपुर ब्लॉक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुजानपुर टिहरा स्कूल में, भोरंज ब्लॉक की भोरंज स्कूल और हमीरपुर ब्लॉक की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में आयोजित की गई।
बाल स्कूल हमीरपुर में सुबह के सत्र में 190 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे, इनमें से 30 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। जबकि, 160 ने परीक्षा दी। वहीं, शाम के सत्र में शास्त्री टेट के लिए 78 अभ्यर्थी बुलाए गए थे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की थर्मल स्कैनिंग व हाथ सैनिटाइज करवाए गए। परीक्षा हाल में अभ्यर्थियों को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया था। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार से आठ विषयों की टेट परीक्षा शुरू कर दी है। इनमें प्रदेश के करीब 48713 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। मंगलवार को जेबीटी टेट के 8653 अभ्यर्थियों के लिए जहां 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे वहीं, शाम के समय होने वाली शास्त्री टेट की परीक्षा के लिए 2746 अभ्यर्थियों के लिए 48 परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए थे। बाल स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने कहा कि सुबह के सत्र में 160 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और शाम को 78 अभ्यर्थी परीक्षा में बुलाए गए थे। गेट पर थर्मल स्कैनिंग की गई और बिना मास्क के बैठना मना किया गया था।