हमीरपुर। लघु उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग द्वारा शनिवार को सलासी स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल साक्षरता तथा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उद्योग विभाग विस्तार निरीक्षक (ईआई) प्रवेश कुमार ने की।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमों और अन्य हितधारकों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग और सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने के लिए जागरूक करना है।
इस दौरान रैंप प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी शर्मा, विनय कुमार और नवीन शर्मा ने प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के विभिन्न पहलुओं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के उपयोग, ऑनलाइन ब्रांड निर्माण, ग्राहक पहुंच बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों से व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में छोटे उद्यमियों और ग्रामीण उत्पादकों के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और सरकारी ई-मार्केटप्लेस ने नए अवसर प्रदान किए हैं। डिजिटल तकनीकों को अपनाकर स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने भी विभिन्न प्रश्न रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल और बीडीओ कार्यालय हमीरपुर से लेडी विलेज डेवलपमेंट कोऑर्डिनेटर वंदना कुमारी भी उपस्थित रहीं।