टौणी देवी-ऊहल कक्कड़ संपर्क मार्ग को बहाल करते विभागीय कर्मी। स्रोत : जागरूक पाठक
टौणी देवी (हमीरपुर)। भूस्खलन होने के कारण टौणी देवी-ऊहल कक्कड़ संपर्क मार्ग करीब दो घंटे बंद रहा है। इस कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एनएच 03 निर्माण कंपनी और लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने इस मार्ग को खुलवाया। गौर हो कि इस संपर्क मार्ग पर अक्सर भूस्खलन होता है। मंगलवार सुबह करीब 9:00 बजे इस मार्ग पर बड़ी-बड़ी चट्टाने आ गईं और भूस्खलन होने से मार्ग यातायात के लिए ठप हो गया। इससे मार्ग का प्रयोग करने वाले लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर एनएच 03 निर्माण कंपनी और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अवरुद्ध मार्ग को बहाल करने में जुट गए। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान यातायात पूरी तरह से थम गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
करीब दो घंटें के बाद मलबा हटा लिया गया और वाहनों को आवाजाही के लिए सड़क को खोल दिया गया। लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के एसडीओ नितीश भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही दो जेसीबी मशीनों को भेज दिया गया था। फिलहाल मार्ग खुला है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य होने पर ही यात्रा करें और प्रभावित क्षेत्र में रुकने से बचें।