बड़सर(हमीरपुर)। नारा गांव की होनहार बेटी तनिषा कौंडल ने बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान की मदद के नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव में खुशी का माहौल है।
तनिषा ने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय माध्यमिक पाठशाला नारा से प्राप्त की, जबकि दसवीं और जमा दो की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गारली से पूरी की। उन्होंने दसवीं बोर्ड की मेरिट में नौवां स्थान हासिल किया था।
जमा दो में मेडिकल संकाय से भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेधावी छात्र विदेश भ्रमण योजना के तहत उन्हें सिंगापुर जाने का अवसर भी मिला। तनिषा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार को दिया।
उनके पिता विनोद कुमार टैक्सी चालक हैं, जबकि माता रेखा देवी गृहिणी हैं। उनके भाई अभिषेक कौंडल कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। दादा प्रेम चंद ने भी पोती की उपलब्धि पर खुशी जताई।
ग्राम पंचायत उसनाड़ कलां ने रविवार को तनिषा को सम्मानित किया। पंचायत प्रधान संजय धीमान और उपप्रधान सुदर्शन ने तनिषा एवं उनके पिता को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
तनिषा ने बताया कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान से तैयारी नहीं की। उन्होंने इससे पहले रद्द हुई नीट परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी।