बचत भवन में आयोजित शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन नवदिशा में स्वयंसहायता समूहों की प्रदर्श
हमीरपुर। जिलेभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग पैकेज उपलब्ध करवाया जाएगा। साथ ही महिला उद्यमियों के उत्पादों के बेहतर विपणन में वीनस फाउंडेशन सहयोग करेगी।
यह जानकारी बचत भवन में आयोजित शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन ‘नवदिशा’ के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन ने स्वयंसेवी संस्था वीनस फाउंडेशन और प्रसिद्ध ऑनलाइन कोचिंग संस्थान फिजिक्सवाला के सहयोग से विशेष पहल की है।
इसके तहत जिला प्रशासन ने वीनस फाउंडेशन के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू के तहत वीनस फाउंडेशन द्वारा चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं से फिजिक्सवाला का ऑनलाइन कोचिंग पैकेज निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि चयनित विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर मेहनत करें और जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। इस अवसर पर वीनस फाउंडेशन की प्रमुख एकता चौधरी, दिव्या, स्वराल और फिजिक्सवाला के शिक्षक अमित कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कई विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए।
दोपहर बाद के सत्र में उपायुक्त ने महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमियों के साथ संवाद किया। इस दौरान वीनस फाउंडेशन की टीम ने महिला उद्यमियों के उत्पादों का अवलोकन और मूल्यांकन किया तथा उनकी मार्केटिंग में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।