हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन हमीरपुर के सभागार में मासिक संयुक्त सलाहकार, कल्याण समिति तथा अपराध बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक रोहिन डोगरा, उप मंडल पुलिस अधिकारी बड़सर लालमन शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) सुनील दत्त ठाकुर तथा जिला पुलिस हमीरपुर के 40 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। सबसे पहले बैठक में पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया।
इसके बाद मासिक अपराध बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व में घटित सभी अन्वेषणाधीन अभियोगों, कानून व व्यवस्था तथा यातायात के सुचारु प्रबंधन की गहनता से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला हमीरपुर की ओर से सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लगातार गश्त और नाका लगाकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों की चेकिंग, शराब पीकर तथा खतरनाक तरीके से तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अधीन कानूनी कार्रवाई करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। स्कूल के बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत भी सभी स्कूल वाहनों की प्रतिदिन लगातार चेकिंग करने के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान मादक पदार्थ विक्रेताओं व मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, अवैध खनन, शराब तस्करी व अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी रखने व नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के संदर्भ में सभी को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।