हमीरपुर। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नगर निगम हमीरपुर के वार्ड सात में टेबल टेनिस लॉन और ओपन एयर जिम का निर्माण नहीं हो पाया है।
नगर निगम के गठन से पूर्व जनवरी 2024 में नगर परिषद हमीरपुर की मासिक बैठक में टेबल टेनिस लॉन और ओपन एयर जिम को बनाने के लिए चर्चा हुई थी और एक माह बाद निर्माण कार्य के लिए शहरी विकास विभाग की ओर से 15 लाख रुपये बजट स्वीकृत किया गया था। बजट राशि जारी होने के बाद कार्य को लेकर टेंंडर प्रक्रिया नहीं पाई और अब बजट राशि के लैप्स होने का खतरा बना हुआ है।
बजट राशि के लैप्स होने से निर्माण कार्य अधर में रह जाएगा। युवाओं राहुल, नीतिश, अभिषेक, आशीष, अर्पित, सुनिधि, आंचल, प्रीति आदि ने कहा कि नगर निगम हमीरपुर की ओर से वार्ड सात में ओपन एयर जिम और टेबल टेनिस लॉन का निर्माण कार्य करवाने की घोषणा की थी ताकि युवाओं को लाभ मिल सके लेकिन अभी तक निर्माण कार्य नहीं हो पाया है।
पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में स्थित महाराणा प्रताप पार्क में ओपन एयर जिम की सुविधा है लेकिन युवाओं की संख्या अधिक होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस खेलने के लिए उन्हें अणु खेल मैदान में स्थित साई सेंटर की अनुमति लेकर खेेलना पड़ रहा है। जिससे युवाओं को दिक्कत आ रही है। उन्होंने नगर निगम से निर्माण कार्य को शुरू करवाने की मांग की है।