सुजानपुर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि सुक्खू सरकार वादे पूरे करने के बजाय सुविधाएं छीनने का कार्य कर रही है। विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र में जनता को कई गारंटियां देने वाली सुक्खू सरकार ने जनता की सुविधाओं पर कैंची चलाना शुरू कर दी हैं।
यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि विधानसभा सीटों के उप चुनाव के दौरान भी सुक्खू सरकार ने जनता को भ्रमित करने के लिए कई लुभावने वादे किए थे, लेकिन अब उन वादों से भी अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवा आज नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का एचआरटीसी की बसों में यात्रा सुविधा को बंद करना अफसोस जनक है। क्योंकि पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर कठिन से कठिन ड्यूटी करते हैं। राणा ने कहा कि सरकार अगर अपने वादे पूरे नहीं कर सकती और जनता को लाभ नहीं दे सकती तो उसे जनता को दी गई सुविधा छीनने का भी कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर सुक्खू सरकार नाकाम साबित हो रही है और प्रदेश को कर्जों के दलदल में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है।